ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 15 अक्टूबर 2026।स्वर्ण नगरी स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में गुरुवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 2 तक के विद्यार्थियों के लिए दशहरा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान नन्हे-मुन्नों को रामायण के प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और रावण से जुड़ी रामायण की कहानी को सरल एवं रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और दशहरे के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को समझा।
उत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान विद्यार्थियों को सत्य, सदाचार और अच्छाई के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि जीवन में सदैव सत्य और धर्म का साथ देना चाहिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेनू सहगल के मार्गदर्शन में आयोजित यह उत्सव बच्चों के लिए आनंदमय, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनके मन में नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
एक टिप्पणी भेजें