ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: साइट-4 के सेंट्रल पार्क में विजय महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, 40 प्रस्तुतियों के जरिए दिखेगी बच्चों की प्रतिभा
श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2026 का शुभारंभ भक्ति और देशभक्ति संगीत-नृत्य प्रतियोगिता के साथ धूमधाम से हुआ। साइट-4 स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्कूलों तथा डांस एकेडमी के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने भक्ति और देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कमेटी के सदस्यों ने यज्ञ किया तथा प्रतियोगिता के निर्णायकों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों में भक्ति, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
40 प्रस्तुतियों में दिखेगी बच्चों की प्रतिभा
कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रेटर नोएडा के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इस बार प्रतियोगिता में 20 स्कूलों और 20 डांस एकेडमी के 800 से अधिक छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 40 प्रस्तुतियां निर्धारित की गई हैं। इन्हें भक्ति, देशभक्ति और अकादमी की तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। सभी श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी कला निखारने और अन्य प्रतिभागियों से सीखने का अवसर भी मिलेगा।
11 से 21 अक्टूबर तक चलेगा विजय महोत्सव
कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता जारी थी। विजेताओं की घोषणा कार्यक्रम संपन्न होने के बाद की जाएगी। उन्होंने बताया कि विजय महोत्सव का आयोजन 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कमेटी के सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सरदार मनजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, कमल सिंह आर्य, हरेंद्र भाटी, केके शर्मा, अमित गोगल, मुकेश शर्मा, मुकुल गोयल, अरुण गुप्ता, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अजय रामपुर, गिरीश जिंदल, अतुल जिंदल, विशाल जैन, मनोज यादव, श्यामवीर भाटी, दीपक भाटी, विकास भाटी, रिंकू भाटी, अंकुर गर्ग, प्रभाकर देशमुख और प्रमोश मास्टर सहित कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें