ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च में हर्षोल्लास से मनाया गया संस्थापक दिवस
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुई समारोह की शुरुआत, संस्थापकों के विजन और मूल्यों को किया गया याद
ग्रेटर नोएडा। जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च में संस्थापक दिवस हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के संस्थापकों के विजन, मूल्यों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
समारोह की शुरुआत संस्थान के एट्रियम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना से हुई। हवन में संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में जीएल बजाज ग्रुप के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं प्रोफेसरों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने संस्थान के संस्थापकों की दूरदर्शिता, उनके मूल्यों और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को भी शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर अपने संदेश में पंकज अग्रवाल, उपाध्यक्ष, जीएल बजाज ग्रुप ने कहा, “संस्थापक दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे संस्थापकों के त्याग, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को नमन करने का दिन है। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए आज जीएल बजाज शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं अपने सभी शिक्षकों, स्टाफ और विद्यार्थियों को इस गौरवशाली यात्रा का हिस्सा बनने के लिए बधाई देता हूं। हम सब मिलकर इस विरासत को और आगे ले जाएंगे।”
संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने भी संस्थापक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, “संस्थापक दिवस हमें हमारे मूल उद्देश्यों की याद दिलाता है—गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण। हवन-पूजा के साथ इस दिन की शुरुआत हमारे संस्थान की सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाती है। मैं सभी फैकल्टी सदस्यों के अथक परिश्रम और छात्रों के विश्वास के लिए आभार व्यक्त करती हूं, जिनके कारण यह संस्थान आज शिक्षा जगत में एक प्रतिष्ठित नाम है।”
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने संस्थापकों के आदर्शों और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह को लेकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और वे पूरे आयोजन के दौरान खुशी एवं उमंग से नजर आए।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के सभी निदेशक, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
एक टिप्पणी भेजें