ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: 300 बेड ईएसआईसी अस्पताल को मिली मंजूरी, जेवर में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास
गौतमबुद्धनगर। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की और राज्य सरकार की श्रमिक हितैषी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इसी क्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का गरिमामय आयोजन किया गया।कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों, कारखानों एवं प्रतिष्ठानों से जुड़े बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रमिकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए 7 एकड़ भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जेवर स्थित मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास किया गया। जनपद में सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप और 25 चिकित्सीय मोबाइल वैन ‘मुख्यमंत्री आरोग्य रथ’ का भी शुभारंभ किया गया।इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों एवं विभिन्न क्षेत्रों में 79 डिस्पेंसरी और एंबुलेंस रूम की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम में 4 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर तथा 43 क्रेच (शिशु कक्ष) का लोकार्पण भी किया गया। साथ ही पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया।मुख्य कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिकों ने देखा एवं सुना। इससे श्रमिकों को मुख्यमंत्री के संबोधन और राज्य सरकार की योजनाओं की सीधी जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा और रोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान श्रमिक कल्याण की दिशा में एक नई पहल करते हुए हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सीएसआर सहयोग से संचालित फूड वैन सेवा का शुभारंभ किया गया। इसके तहत सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 औद्योगिक श्रमिकों को निशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें