Top News

जहांगीरपुर पब्लिक इंटर कॉलेज को मिली बड़ी सौगात, 1.28 करोड़ से बनेगा बहुद्देशीय हाल

जहांगीरपुर/ फेस वार्ता: ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए जहांगीरपुर पब्लिक इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश सरकार की अलंकार योजना के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक बहुद्देशीय हाल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आधारभूत सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।
विधायक ने बताया कि जहांगीरपुर पब्लिक इंटर कॉलेज में लंबे समय से बहुद्देशीय हाल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस हाल के निर्माण के बाद विद्यालय में शैक्षिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों का बेहतर आयोजन संभव हो सकेगा। साथ ही यह सुविधा क्षेत्र के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रदेश सरकार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। निर्माण कार्य के शुभारंभ से विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Post a Comment

और नया पुराने