ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: प्रदेश के युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खाद्य एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने जनपदों को दिए गए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों और बैंकर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मार्च 2026 के शेष दिनों में लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
मंत्री राकेश सचान ने बैंक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना ठोस और पर्याप्त कारण के किसी भी आवेदन को निरस्त करना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित बैंक शाखा और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बैंकर्स से अपेक्षा की कि वे युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराएं।
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ बैंक शाखाओं में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले ऋण वितरण की प्रगति शून्य है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाए जाएं। जनपदों में शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम और मार्गदर्शन सत्र आयोजित कर युवाओं को योजना की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसके तहत प्रतिवर्ष लगभग एक लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.5 लाख युवाओं को लाभान्वित करने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1.25 लाख से अधिक युवाओं को 5150 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से समीक्षा बैठकें की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा में आयोजित बैठक में प्रगति का आकलन करते हुए शेष लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएम युवा मिशन के राज्य नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला, अपर आयुक्त उद्योग मेरठ मंडल उमेश सिंह, उपायुक्त उद्योग गौतमबुद्धनगर पंकज निर्वाण, विभिन्न बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि तथा उद्योग विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे
एक टिप्पणी भेजें