ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:ग्रेटर नोएडा भारतीय नववर्ष संवत 2083 के शुभारंभ के अवसर पर भारत नवनिर्माण ट्रस्ट के अंतर्गत भारतीय पर्व आयोजन समिति द्वारा भव्य भारतीय नववर्ष स्वागत उत्सव “उमंग 2083” का आयोजन 19 मार्च से 22 मार्च 2026 तक सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। पिछले 20 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित होने वाले इस मेले में स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रणीत भाटी ने बताया कि हिंदू नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है और यह पूर्णतः वैज्ञानिक, शास्त्रसम्मत तथा प्रकृति के अनुकूल माना जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। लगभग 57 ईसा पूर्व सम्राट विक्रमादित्य ने शकों पर विजय प्राप्त करने के उपलक्ष्य में विक्रम संवत की स्थापना की थी, तभी से यह कैलेंडर हिंदू नववर्ष सहित कई महत्वपूर्ण त्योहारों की गणना का आधार रहा है।
समिति के संयोजक सौरभ बंसल ने बताया कि 19 मार्च को हवन के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा। उसी दिन रंगोली, “मिले सुर मेरा तुम्हारा” (एकल) और पंच परिवर्तन प्रोजेक्ट/पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
20 मार्च को चित्रकला, मेहंदी और “मिले सुर मेरा तुम्हारा” (समूह) प्रतियोगिताएं होंगी।
21 मार्च को इंद्रधनुष और एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि 22 मार्च रविवार को समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 20 मार्च को चंद्रा म्यूजिक तथा 21 मार्च को शारदिया सांस्कृतिक समिति द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी दिन कुलदीप आर्य द्वारा देशभक्ति गीत और भजन संध्या का आयोजन भी होगा।
मीडिया प्रभारी मुकुल गोयल ने बताया कि 20 मार्च को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक चिरंजीव जी तथा 21 मार्च को सह प्रांत प्रचारक आनंद जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
डॉ. आरती शर्मा ने बताया कि 22 मार्च को नटना तीर्था टेम्पल ऑफ आर्ट (अय्यप्पा सेवा समिति) और उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति, ग्रेटर नोएडा द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
सह संयोजक प्रो. विवेक कुमार के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान कुलदीप शर्मा, विवेक अरोरा, चरणजीत नागर, मुकेश शर्मा, गुड्डी तोमर, बीना अरोरा, संगीता सक्सैना, मीनाक्षी माहेश्वरी, देवीशरण शर्मा, राजेश बिहारी, शिव ओम शर्मा, ललित शर्मा, महेंद्र उपाध्याय, दुर्गेश्वरी सिंह, राजेंद्र सोनी, किसलय, भोला, अरविंद साहू, डॉ. आरती शर्मा, रविनाथ, ज्योति सिंह, नेहा, ब्रजमोहन, अनिल तायल और दीपा कुमारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें