ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को प्राधिकरण ने ग्राम हैबतपुर के डूब क्षेत्र में स्थित शिवम एंक्लेव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त किया और लगभग 7,000 वर्ग मीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया। पिछले 16 दिनों में यह अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण की छठी बड़ी कार्रवाई है।
इस अभियान के चलते अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों में हड़कंप की स्थिति है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
अभियान का नेतृत्व कर रहे एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे कालोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं और जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि एनजीटी के निर्देशों के अनुपालन में ग्राम हैबतपुर के खसरा संख्या 209, 210 और 212 की करीब 7,000 वर्ग मीटर भूमि पर विकसित शिवम एंक्लेव में अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई वर्क सर्किल-1 के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, तकनीकी सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारियों की टीम ने तीन जेसीबी और तीन डंपरों तथा पुलिस बल की सहायता से अवैध बाउंड्री वॉल और निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त किया। यहां अवैध रूप से सीवर लाइन भी डाली जा रही थी, जिसे हटाया गया।
इसी क्रम में ग्राम चिपियाना खुर्द के खसरा संख्या 59 में लगभग 2,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने अवैध मकानों और बाउंड्री वॉल को भी तोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण ने पिछले 16 दिनों में छह अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। 20 जनवरी को भनौता में 11,340 वर्ग मीटर भूमि, 28 जनवरी को हैबतपुर में 6,000 वर्ग मीटर, 4 फरवरी को पुनः भनौता में 10,000 वर्ग मीटर और बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर में 18,000 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं 29 जनवरी को खेड़ा चौगानपुर में अवैध रूप से बने आठ टावरों के 100 से अधिक फ्लैटों को सील किया गया था।
एक टिप्पणी भेजें