Top News

कांग्रेस का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति जांच की मांग: दीपक भाटी चोटीवाला।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, भारत भूषण शर्मा:
ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल होने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के मंत्रियों एवं विधायकों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक सत्ता का दुरुपयोग कर जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, किसानों, दलितों, युवाओं और व्यापारियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने में लगी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी।
दीपक भाटी चोटीवाला ने मांग की कि प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों और भाजपा विधायकों की संपत्ति की स्वतंत्र एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता ईमानदार हैं तो उन्हें जांच से डरना नहीं चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के नाम पर बड़े घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकार केवल प्रचार की राजनीति कर रही है, जबकि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा उठाए गए भ्रष्टाचार और संपत्ति जांच के मुद्दे का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास रखती है तथा जांच एजेंसियों को भाजपा नेताओं की संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
पत्रकार वार्ता में मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, सतीश शर्मा, हरेन्द्र शर्मा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, अरुण भाटी, धर्म सिंह, सुबोध भट्ट और तीरथ राम वाल्मीकि सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने