दादरी/ फेस वार्ता: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा वर्ष 2026 के उत्तर प्रदेश शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। मेरठ-सहारनपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी ने एक बार फिर वर्तमान शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
टिकट की घोषणा होते ही दादरी, मेरठ सहारनपुर सहित पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। पार्टी नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया गया।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्रीचंद शर्मा ने शिक्षक समाज की आवाज को मजबूती से उठाया है, जिसके चलते पार्टी ने उन पर दोबारा विश्वास जताया है। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि पिछली बार संगठन और शिक्षक समाज के समर्थन से रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल हुई थी और इस बार भी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
टिकट की घोषणा के बाद संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और शिक्षक समाज के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाएंगे।
एक टिप्पणी भेजें