Top News

दादरी में विकास को रफ्तार: तेजपाल सिंह नागर ने तिलपता करनवास में ₹5.46 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास।

दादरी/ फेस वार्ता: दादरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक तेजपाल सिंह नागर ने ग्राम तिलपता करनवास में विभिन्न परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। कार्यक्रम जनसमर्थन और उत्साह के माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस दौरान क्षेत्र में सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत की गई। तिलपता–स्यौराजपुर नहर मार्ग से गंदे नाले तक लगभग 436 मीटर लंबी आरसीसी रोड एवं ड्रेन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा इंद्रजीत भाटी के मकान से दुष्यंत भाटी के मकान तक करीब 360 मीटर आरसीसी रोड तथा संतोष नगर में पाली रोड से गंदे नाले तक लगभग 240 मीटर आरसीसी रोड व ड्रेन का निर्माण होगा। इन कार्यों की अनुमानित लागत ₹137 लाख निर्धारित की गई है।
इसके साथ ही तिलपता–मुढ़ा रोड (तिलपता से मुढ़ा नाले तक) पर लगभग 1600 मीटर लंबी आरसीसी रोड एवं ड्रेन निर्माण कार्य भी शुरू किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹409 लाख है। इस प्रकार कुल ₹546 लाख (₹5 करोड़ 46 लाख) की परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
अपने संबोधन में विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि दादरी क्षेत्र में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निरंतर कराए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं जल निकासी की समस्या से भी निजात मिलेगी, जिससे ग्रामवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सांसद प्रतिनिधि बलराज भाटी, ईश्वर भाटी, भोला भाटी, महेश भाटी, संजय नागर सहित अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ग्रामवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।

Post a Comment

और नया पुराने