Top News

बारिश के मौसम में बढ़ा वायरल संक्रमण का खतरा, शारदा अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या दोगुनी

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:। बारिश के मौसम के साथ ही वायरल बुखार, खांसी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित शारदा अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और वयस्क बुखार, सिरदर्द, उल्टी, बदन दर्द, गले में खराश, खांसी, जुकाम और अन्य संक्रमण संबंधी शिकायतों के साथ इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल के अनुसार, मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई है।
बच्चों में वायरल संक्रमण के मामलों में विशेष वृद्धि दर्ज की गई है। चिकित्सकों के मुताबिक बच्चों में तेज बुखार, गले में दर्द, पैरों में दर्द, चक्कर आना, आंखों का लाल होना और उल्टी जैसे लक्षण अधिक देखने को मिल रहे हैं।
शारदा अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राममूर्ति शर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार और खांसी-जुकाम के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर होती है, इसलिए अभिभावकों को उनकी साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बच्चों को बारिश के गंदे पानी से दूर रखें और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. भूमेश त्यागी ने बताया कि बारिश के मौसम में संक्रमण फैलने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इस दौरान भीगने से बचें, तली-भुनी और बासी खाद्य सामग्री का सेवन न करें तथा केवल ताजा और गर्म भोजन ही करें। उन्होंने कहा कि इन दिनों डायरिया, लूज मोशन, सर्दी-खांसी के मामलों में भी वृद्धि हो रही है, जबकि हेपेटाइटिस और पीलिया के मरीज भी धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने लोगों को खुले में या फुटपाथ पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने, पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, सांस लेने में तकलीफ, खांसी या अन्य संक्रमण संबंधी लक्षण हों तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं।

Post a Comment

और नया पुराने