Top News

सालेपुर में शराब ठेके हटाने की मांग पर किसानों का प्रदर्शन, वार्ता के बाद 10 दिन का मिला आश्वासन।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्राम सालेपुर की आबादी के बीच संचालित अंग्रेजी शराब, देशी शराब और बीयर के ठेकों को हटाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के नेतृत्व में किसान और ग्रामीण परी चौक पर एकत्र हुए और जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच किया।
मौके पर एडीसीपी, डीसीपी ग्रेटर नोएडा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
इसके बाद भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के प्रतिनिधिमंडल और डीसीपी ग्रेटर नोएडा व आबकारी विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक चली। संगठन ने आरोप लगाया कि आबादी के बीच संचालित शराब के ठेकों के कारण महिलाओं, छात्राओं और ग्रामीणों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है तथा सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है। किसानों ने ठेकों को तत्काल आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग दोहराई। वार्ता के बाद प्रशासन ने मामले की समीक्षा कर 10 दिनों के भीतर उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस पर किसान संगठन ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करते हुए प्रशासन को तय समय देने पर सहमति जताई।
भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि संगठन जनहित को सर्वोपरि मानते हुए प्रशासन को 10 दिन का समय दे रहा है। यदि इस अवधि में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन हजारों किसानों के साथ और बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (बलराज) किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा ग्राम सालेपुर की जनता के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित किसान, महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने