नोएडा/ फेस वार्ता:। दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट गौरव सिंघल के संयोजन में अग्रसेन भवन, नोएडा में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैश्य समाज, विभिन्न व्यापारी संगठनों तथा समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल मित्र मंडल एवं सेक्टर-50 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, किसान यूनियन के वरिष्ठ नेता सुभाष कुमार भाटी, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल तथा अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधाकृष्ण गर्ग उपस्थित रहे। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव नवीन गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक विग ने समाज के सभी वर्गों में एकता और सामाजिक समरसता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज को आर्थिक मजबूती के साथ अपने अधिकारों और सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने छोटे, कमजोर एवं वंचित व्यापारियों को समान अवसर और सम्मान दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दानवीर भामाशाह के जीवन और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करता है, उसी प्रकार व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वक्ताओं ने व्यापारियों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और वैश्य समाज को जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक मजबूत संगठन के रूप में संगठित होने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में मूलचंद गुप्ता ने कहा कि भामाशाह के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर वैश्य समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट गौरव सिंघल ने कहा कि सभी व्यापारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे तथा आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
इस अवसर पर सुनीता शारदा, शंभू पोखरियाल, रामनिवास बंसल, डी.पी. गोयल, राजेंद्र जैन, आलोक गुप्ता, विपिन अग्रवाल, बाबूलाल बंसल, मनोज गोयल, नेत्रपाल बंसल, विकास बंसल, भूपेंद्र मित्तल, मुकेश गुप्ता, राधेश्याम गोयल, धर्मवीर चौहान, मनोज भाटी, संदीप चौहान, दाताराम यादव, दिनेश यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें