Top News

माँ के सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश बना “वॉकसूत्र मदर्स डे रन 2026”


ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: वॉकसूत्र संस्था और इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में मदर्स डे के अवसर पर आयोजित “वॉकसूत्र मदर्स डे रन 2026” का भव्य आयोजन रविवार को शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने मातृत्व सम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।
प्रातः 5:30 बजे आयोजित इस रन का शुभारंभ वॉकसूत्र संस्था के सह-संस्थापक डॉ. सुधांशु सिंह तथा इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की प्रेजिडेंट अमिता सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों और पैरा एथलीट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ समाज में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। विशेष रूप से वृद्धाश्रमों, गैर-सरकारी संगठनों और वंचित समुदायों से जुड़ी माताओं को इस अभियान के केंद्र में रखा गया।
वॉकसूत्र संस्था की संस्थापक डॉ. श्रेष्ठा सिंह ने कहा कि माता समाज की प्रथम गुरु और संस्कारों की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि “वॉकसूत्र मदर्स डे रन 2026” केवल फिटनेस रन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, संवेदना और कृतज्ञता का सामाजिक अभियान है। उन्होंने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित व्यायाम और मानसिक संतुलन को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. उर्वशी मित्तल ने कहा कि जब समाज की माताएं स्वस्थ, सम्मानित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी राष्ट्र सशक्त और संवेदनशील बनेगा। उन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बीजेपी ग्रेटर नोएडा मंडल के मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक समावेशिता और भावनात्मक कल्याण का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की सदस्याओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन ने स्वास्थ्य, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय के जरिए जन-जागरूकता अभियान का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया।

Post a Comment

और नया पुराने