Top News

ज्ञानेश कुमार के समर्थन में नोएडा में शांतिपूर्ण पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नोएडा/ फेस वार्ता, 8 अक्टूबर 2026।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में गुरुवार को नोएडा में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल और सर्व समाज के आह्वान पर शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। पैदल मार्च का नेतृत्व अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने किया। मार्च डीएम चौक, सेक्टर-27 से शुरू होकर सेक्टर-19 स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न प्रदान किए जाने की मांग रखी गई। मार्च में व्यापारी समाज के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के लिए व्यापारी और सर्व समाज एकजुट : विकास जैनउत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि आज का पैदल मार्च किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान और संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास व्यक्त करने का शांतिपूर्ण प्रयास है।उन्होंने कहा, “भारत का लोकतंत्र हमारी सबसे बड़ी ताकत है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए विश्वसनीय मतदाता सूची तथा मजबूत संवैधानिक संस्थाएं आवश्यक हैं। आज उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल और सर्व समाज ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी भावना राष्ट्रपति जी तक पहुंचाई है।”
विकास जैन ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश में राजनीतिक बहस चल रही है। लोकतंत्र में अलग-अलग विचार और असहमति स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी संवैधानिक संस्था अथवा पदाधिकारी के संबंध में निष्कर्ष तथ्यों, कानून और निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया के आधार पर ही निकाला जाना चाहिए।
पैदल मार्च का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात : मूलचंद गुप्ता
अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में आयोजित इस शांतिपूर्ण पैदल मार्च का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आज व्यापारी समाज और सर्व समाज ने शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी भावना व्यक्त की है। हमारा उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करना है।”
 गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से उसका समाधान कराएं।
मनोज गुप्ता ने कहा—असहमति लोकतंत्र का हिस्सा, संवैधानिक मर्यादा जरूरी
मनोज गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और असहमति व्यक्त करने का अधिकार है। चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर स्वस्थ बहस लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
जय भगवान गोयल ने कहा—निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं दिल्ली से कार्यक्रम में पहुंचे जय भगवान गोयल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाता सूची की शुचिता और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी आवश्यकता बताया।

सत्यनारायण गोयल ने नागरिक जागरूकता को बताया जरूरी

प्रमुख समाजसेवी सत्यनारायण गोयल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की समय-समय पर जांच करने की अपील की।
SIR को लेकर देश में जारी बहस का भी उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश में चल रही राजनीतिक बहस का भी उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता के साथ-साथ पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस विषय पर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के अलग-अलग मत हो सकते हैं, लेकिन मतदाता सूची से संबंधित किसी भी विषय पर नागरिकों को तथ्यों और निर्धारित संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम सौंपा ज्ञापन
पैदल मार्च के बाद प्रतिनिधिमंडल सेक्टर-19 स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न प्रदान किए जाने की मांग की गई।
उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने कहा कि यह मांग संगठन और सर्व समाज की ओर से सम्मान एवं सार्वजनिक प्रशंसा की भावना के रूप में रखी गई है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, शांतिपूर्ण अभिव्यक्ति और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने पैदल मार्च में शामिल सभी व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सबसे प्रभावी माध्यम शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया है।

Post a Comment

और नया पुराने