एयरपोर्ट की उड़ान और शिक्षा के नए केंद्रों के निर्माण के साथ जेवर अब विकास, रोजगार और ज्ञान की त्रिवेणी के रूप में उभरता नजर आ रहा है।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार, पर्यटन और निवेश के अभूतपूर्व अवसर पैदा होंगे, जिससे जेवर की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी।उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे और क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। इसी सोच के तहत शिक्षा के क्षेत्र को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी आने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।
विधायक ने बताया कि ग्राम भुन्ना तगा और कलूपुरा में बनने वाली लाइब्रेरियां विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा ज्ञानार्जन के इच्छुक लोगों के लिए महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र साबित होंगी। इन लाइब्रेरियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बेटियों के हाथों शिलान्यास कराए जाने को विशेष महत्व देते हुए विधायक ने कहा कि विकसित समाज की पहचान महिलाओं और बेटियों को सम्मान एवं अवसर देने में निहित है। यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियां, विकसित भारत और विकसित जेवर की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कारण आज जेवर विधानसभा पूरे देश के आकर्षण का केंद्र बन चुकी है। सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि एयरपोर्ट तथा अन्य विकास परियोजनाओं का लाभ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
एक टिप्पणी भेजें