ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय Rotary Club Green Greater Noida द्वारा जिला कारागार लुक्सर, गौतमबुद्ध नगर में आधुनिक पैथोलॉजी लैब की स्थापना कर एक महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल की गई। लैब का शुभारंभ जेल अधीक्षक Brijesh Kumar ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जेल प्रशासन, रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
क्लब पदाधिकारियों के अनुसार, पूर्व में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जिला कारागार प्रशासन की ओर से फार्मासिस्ट एस.एस. गौतम ने बंदियों के लिए आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। बंदियों के स्वास्थ्य और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए अत्याधुनिक उपकरणों से युक्त पैथोलॉजी लैब स्थापित कराई।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी विशेषज्ञों ने लैब में स्थापित मशीनों और चिकित्सा उपकरणों की जानकारी दी तथा उनके उपयोग और संचालन के बारे में विस्तार से बताया। इस सुविधा के माध्यम से अब जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल सकेगी, जिससे विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाएगा।
उद्घाटन के बाद लैब में 30 बंदियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इस दौरान क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रो. के.के. शर्मा ने स्वयं अपनी जांच कराकर बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया और उनका उत्साहवर्धन किया।
रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है। कारागार में स्थापित यह पैथोलॉजी लैब बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन की भावना को भी मजबूती देगी।
क्लब ने कहा कि यह परियोजना रोटरी के आदर्श वाक्य “Service Above Self” यानी “स्वयं से पहले सेवा” को साकार करती है और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक स्थायी एवं महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी क्लब जरूरतमंद और वंचित वर्गों के लिए ऐसे जनकल्याणकारी प्रकल्प जारी रखेगा।
इस अवसर पर क्लब की ओर से रो. सरदार मंजीत सिंह, रो. विनोद कसाना, रो. अमित गोयल, रो. विजेंद्र भाटी, रो. अतुल जैन, रो. रंजीत सिंह, रो. संजय गर्ग, रो. अनिल कुमार, रो. योगेश गोयल, रो. निकुल गुप्ता एवं रो. चौ. शोभित दलगीर उपस्थित रहे। जानकारी मीडिया प्रभारी रो. विनोद कसाना द्वारा दी गई।
एक टिप्पणी भेजें