Top News

शंकराचार्य प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

सूरजपुर ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्धनगर ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध दर्ज एफआईआर को लेकर गहरी चिंता जताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि यह मामला केवल एक धार्मिक संत तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, धार्मिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने उच्च धार्मिक पद पर आसीन संत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की परिस्थितियों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्राथमिकी दर्ज कराने वाले व्यक्तियों की पृष्ठभूमि, घटना की परिस्थितियों और संभावित राजनीतिक या प्रेरित मंशा की पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही कहा कि कानून का उपयोग किसी भी वैचारिक असहमति को दबाने के लिए नहीं होना चाहिए।
ज्ञापन कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि यह ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत को सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच, तथ्यों को सार्वजनिक करने और धार्मिक-सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है।
जिला कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी संविधान में प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और विधि के शासन की पक्षधर है तथा किसी भी प्रकार की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का विरोध करती रहेगी।इस अवसर पर मुकेश शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, बिन्नू भाटी, अरुण गुर्जर, धर्म सिंह जीनवाल, धर्मवीर प्रधान, कपिल भाटी, रमा नैयर, रमेश चंद यादव, पुनीत मावी, सुबोध भट्ट, सचिन शर्मा, विपिन त्यागी, प्रिंस भाटी, प्रभात नगर, बॉबी प्रधान, धीरा सिंह, मेहर चंद वाल्मीकि, जगदीश प्रधान, दीपक नागर, शांतनु भाटी, नितिन गर्ग, अमित भाटी, रमेश चंद जीनवाल, कैलाश बंसल, नदीम प्रधान, ए.के. वर्मा, राशिद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने