ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए मकान, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानें और जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से बनाई गई बाउंड्री वॉल को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान करीब तीन एकड़ (12 हजार वर्ग मीटर) जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 24 करोड़ रुपये बताई गई है।
सुबह 6:30 बजे शुरू हुई कार्रवाई, तीन घंटे चला अभियान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी और डंपरों के साथ मौके पर पहुंची। सुबह 9:30 बजे तक चली कार्रवाई में अवैध रूप से निर्मित कई मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को ढहा दिया गया। इसके साथ ही जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से बनाई गई बाउंड्री वॉल को भी तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखते हुए कार्रवाई पूरी की। अभियान के बाद लगभग तीन एकड़ जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त करा लिया गया।
अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण करने वालों को चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा समतल क्षेत्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध निर्माण और कब्जे करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन की स्थिति, वैधता और संबंधित जानकारी की जांच अवश्य कर लें। अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।
अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिसूचित क्षेत्रों में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध निर्माण और कब्जों को हटाने की हिदायत दी गई है। प्राधिकरण की टीमें लगातार जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने में जुटी हैं।
सोमवार को सहारा समतल में कार्रवाई के बाद प्राधिकरण की टीम शाहबेरी पहुंची, जहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की मदद से सीलिंग की कार्रवाई को जल्द पूर्ण किया जाएगा।
प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम रही मौजूद
ध्वस्तीकरण अभियान में प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (परियोजना) विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार, सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी सहित बादलपुर कोतवाली पुलिस और प्राधिकरण की अन्य टीमें मौजूद रहीं। शाहबेरी में सीलिंग कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अधिसूचित जमीनों पर अवैध कब्जे और बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एक टिप्पणी भेजें