ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत शर्मा:
ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में दिनांक 22 अप्रैल 2026 को नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच), जो कि क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) का एक घटक बोर्ड है, द्वारा विद्यार्थियों के लिए “रोगी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता” विषय पर एक महत्वपूर्ण शिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सत्र का संचालन डॉ. लता वेंकटेश प्राचार्या, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, एम्स नई दिल्ली एवं एनएबीएच कार्यक्रम समन्वयक सुश्री मोनिका कौशिक द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. लता वेंकटेश ने कहा कि:
“रोगी सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की आत्मा है। एक छोटी-सी लापरवाही मरीज के जीवन पर गहरा प्रभाव डाल सकती है, इसलिए प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी का पहला दायित्व मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित करना होना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता का अर्थ केवल उपचार देना नहीं, बल्कि सही समय पर, सही तरीके से, सही मरीज को सर्वोत्तम देखभाल प्रदान करना है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि—“आज के विद्यार्थी ही कल के नर्स, पैरामेडिक्स और स्वास्थ्यकर्मी हैं। यदि आप अपने कार्य में अनुशासन, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के मानकों को अपनाते हैं, तो आप न केवल एक सफल पेशेवर बनेंगे बल्कि समाज में विश्वास और सेवा का उदाहरण भी स्थापित करेंगे।”
उन्होंने एनएबीएच के गुणवत्ता मानकों, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, प्रभावी संचार, अभिलेख प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों के अधिकारों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए ऐसे प्रशिक्षण सत्र अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर कैलाश इंस्टीट्यूट की शैक्षणिक निदेशक श्रीमती बिंदिया गोयल ने अपने संदेश में कहा कि—
“विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोगी सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देना समय की आवश्यकता है। ऐसे सत्र भविष्य के स्वास्थ्यकर्मियों को अधिक सक्षम, जिम्मेदार एवं संवेदनशील बनाते हैं। कैलाश इंस्टीट्यूट सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट स्वास्थ्य शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
इसके पश्चात कैलाश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक श्री संदीप गोयल ने अपने संदेश में कहा कि—
“कैलाश इंस्टीट्यूट केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को कुशल, प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी देने का कार्य कर रहा है। रोगी सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आज चिकित्सा क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं। हमारा संस्थान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, व्यवहारिक प्रशिक्षण और नैतिक मूल्यों के साथ तैयार कर रहा है ताकि वे भविष्य में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।”
उन्होंने आगे कहा कि कैलाश इंस्टीट्यूट स्वास्थ्य शिक्षा एवं सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है तथा मरीजों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं समाज के स्वास्थ्य कल्याण के लिए समर्पित है।
कार्यक्रम में संस्थान की नर्सिंग संकाय प्रोफेसर रचना, प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव, सुरभि, लक्ष्मी, जागृति एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं, संकाय एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इसके उपरांत सभी उपस्थितजनों द्वारा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें भविष्य में गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में नई सीख प्राप्त हुई।
एक टिप्पणी भेजें