Top News

जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में अभिभावक कार्यशाला

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों को दिए सफलता के मंत्रजीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यशाला में प्रभावी संवाद, भावनात्मक समझ और बेहतर परवरिश पर दिया गया जोर
ग्रेटर नोएडा, 24 अक्टूबर। स्वर्ण नगरी स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में अभिभावकों के मार्गदर्शन के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों की बेहतर परवरिश, उनके साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने और उनकी भावनात्मक जरूरतों को समझने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता श्री कमलनीत सिंह ने अभिभावकों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास, व्यवहार और भावनात्मक आवश्यकताओं को समझने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए परिवार में सकारात्मक वातावरण, आपसी संवाद और अभिभावकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। प्री-नर्सरी से कक्षा पांच तक के अभिभावकों के लिए ‘रेजिंग होलिस्टिक किड्स’ विषय पर सत्र हुआ, जबकि कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए ‘अंडरस्टैंडिंग द लाइफ ऑफ अ टीनएजर’ विषय पर चर्चा की गई। इन सत्रों में बच्चों की उम्र के अनुसार उनकी जरूरतों, व्यवहार और मानसिक स्थिति को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यशाला में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वक्ता से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को बच्चों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक समझने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेणु सहगल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच सहयोग को मजबूत बनाना तथा बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
विद्यालय प्रबंधन की यह पहल बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

Post a Comment

और नया पुराने