Top News

गुरु पूर्णिमा पर ब्रह्माकुमारी सुख शांति भवन में उमड़ा आस्था का सैलाब, योग, मुरली क्लास और आध्यात्मिक संदेशों के साथ मनाया गया महोत्सव

नोएडा/ फेस वार्ता राजन राही: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी सुख शांति भवन, सेक्टर-115, नोएडा में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों ने सहभागिता कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग मेडिटेशन एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ। इसके पश्चात मुरली क्लास के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान का मार्ग ही नहीं दिखाते, बल्कि जीवन को सही दिशा प्रदान कर आत्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चा गुरु मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान, अशांति से शांति और अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने सभी से जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का वातावरण बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान भजन, आध्यात्मिक प्रवचन, राजयोग ध्यान तथा अन्य प्रेरणादायी कार्यक्रमों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चेतना और मानवीय संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

और नया पुराने