ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में हाथों की स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक संदीप गोयल एवं अकादमिक निदेशक श्रीमती बिंदिया गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नाटक, भाषण एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से सही हाथ धोने की तकनीक और संक्रमण से बचाव के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
अकादमिक निदेशक श्रीमती बिंदिया गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि हाथों की स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हाथ हमें अनेक बीमारियों से बचाते हैं और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से इस आदत को दैनिक जीवन में अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बीपीटी विद्यार्थियों ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि नियमित और सही तरीके से हाथ धोना संक्रमण से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने विशेष रूप से भोजन से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद और बाहर से आने पर हाथ धोने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने हाथों की स्वच्छता को अपनाने और इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के उत्साह, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
एक टिप्पणी भेजें