ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर IBA ने पुलिस चौकी प्रभारी से की चर्चा
सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और दीपावली से पहले संयुक्त सुरक्षा बैठक आयोजित करने पर हुआ विचार-विमर्श
ग्रेटर नोएडा। साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल ने कासना स्थित साइट-5 पुलिस चौकी के प्रभारी राजा हर्षवर्धन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
भेंटवार्ता के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रिकालीन पुलिस गश्त को अधिक प्रभावी बनाने तथा उद्योगों में होने वाली चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही उद्यमियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
दीपावली से पहले होगी संयुक्त सुरक्षा बैठक
आगामी दीपावली के मद्देनजर औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। इस क्रम में उद्यमियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि सुरक्षा संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जा सके।
आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस चौकी प्रभारी राजा हर्षवर्धन द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सुरक्षित एवं सकारात्मक औद्योगिक वातावरण के निर्माण में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस चौकी प्रभारी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, संयुक्त सचिव विकास राय, वरिष्ठ उद्यमी प्रमोद झा और उपाध्यक्ष अनूप सिंह उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर सचिव बिरेंद्र प्रताप रावल ने दी।
एक टिप्पणी भेजें