कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों व चुनावी तैयारियों को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:। जनपद गौतमबुद्ध नगर की दादरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सूरजपुर मंडल में कौशल्या वर्ल्ड स्कूल में मंडल कार्यसमिति एवं बूथ समिति सत्यापन के निमित्त मंडल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ समितियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरेंद्र जाटव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सेवानन्द शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी एवं धर्मेंद्र कोरी, मंडल अध्यक्ष मनोज प्रधान सहित पार्टी के सम्मानित पदाधिकारी एवं कर्मठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति, बूथ समितियों के सत्यापन तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक रणनीति पर भी मंथन हुआ।
पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी मजबूत राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत बूथ व्यवस्था में निहित होती है। इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहते हुए पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
सशक्त संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत बूथ—यही भाजपा की शक्ति और सफलता का आधार है।
एक टिप्पणी भेजें