Top News

सूरजपुर वेटलैंड में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने किया पौधरोपण, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ।

विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर ने रचा कीर्तिमान, 1.21 लाख पौधरोपण का लक्ष्य किया पूरा
गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। प्रदेश सरकार द्वारा एक ही दिन में 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके अंतर्गत गौतमबुद्धनगर जनपद ने 1 लाख 21 हजार पौधों का रोपण कर निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया।इस अभियान में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के साथ कृषि, उद्यान, वन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज तथा नगर विकास विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित हुआ, जहां जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने मौलश्री का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के आह्वान के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और आरडब्ल्यूए से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं, सीआरपीएफ के अधिकारी, वीआईएएफ फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में लगातार वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ हरित क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी समाज को मिलकर निभानी होगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए विशेष रूप से किसानों से खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि कृषक नोडल विभागों से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृक्ष भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को तुलसी, नींबू, अमरूद समेत विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया गया।
समापन अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
— पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गौतमबुद्धनगर का यह प्रयास हरित भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने