Top News

सेक्टर P-3 में बिना नंबर प्लेट वाहनों पर सख्ती, आरडब्ल्यूए ने शुरू किया सुरक्षा अभियान।

 ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: 
ग्रेटर नोएडा शहर में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सेक्टर P-3 की आरडब्ल्यूए एवं सेक्टरवासियों ने बड़ा और सख्त निर्णय लिया है। अब सेक्टर में बिना नंबर प्लेट वाले किसी भी दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आरडब्ल्यूए ने ऐसे वाहनों की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है।सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आरडब्ल्यूए टीम दिन और रात लगातार गेटों पर निगरानी कर रही है। बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर पुलिस प्रशासन की सहायता भी ली जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य सेक्टर में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि यह केवल सेक्टर P-3 की सुरक्षा तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि पूरे ग्रेटर नोएडा की कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। हाल के समय में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे अपराधियों को पहचान छिपाने में आसानी मिलती है। कई आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों की भूमिका भी सामने आती रही है।
सेक्टरवासियों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ शहरव्यापी विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे वाहनों के चालान किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जब्त भी किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।आरडब्ल्यूए एवं फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वे हर स्तर पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने को तैयार हैं।“सुरक्षा के प्रति जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं” — इसी संदेश के साथ सेक्टर P-3 का यह अभियान अब पूरे ग्रेटर नोएडा में चर्चा का विषय बनता जा रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने