गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता न्यूज, 27 अक्टूबर 2025: जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर के निर्देशन में आज बिसरख ब्लॉक के छलेरा आंगनवाड़ी केंद्र पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत “घरेलू हिंसा एवं दहेज उन्मूलन” थीम पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की हब टीम से डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर मीनाक्षी द्वारा प्रतिभागी महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 एवं दहेज उन्मूलन कानून से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित विभागीय योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा वन स्टॉप सेंटर के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया। मीनाक्षी ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1098 (बाल हेल्पलाइन) के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी और सभी से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्परता से इन माध्यमों का उपयोग करें।कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां अभिलाषा, अंजना, पूनम सहित क्षेत्र की कई महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों में आत्मरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
एक टिप्पणी भेजें